कविताएँ ::
अक्षय अनुग्रह

अक्षय अनुग्रह

अकिंचन

ख़ाली कुर्सियाँ स्मृति कहती हैं
इंतज़ार नहीं

जामुन अब भी पकते हैं
कोयल अब भी आती है

सूना मकान अपना दुख
बेल से ढक लेता है।

करुणा

मैंने दिया,
फिर दिया,
देना आदत हो गई।

जो अनावश्यक था वह दिया,
जो आवश्यक था वह भी दिया
जो नहीं था
वह जुटाया और दिया।

मान दिया,
अभिमान दिया
मैं देता हूँ,
यह बोध दिया।

मैं कहाँ हूँ?
नज़र नहीं आता
दूध पिलाती स्त्री दिखती है।

याद करना

तुम्हें याद करना सुंदर है
जैसे सुंदर है
उतरती शाम में
पिघलती धूप का दीपदान करना
शहर की पुरानी झील में।

तुम्हारी याद के दौरान उपजता है
लहरों के झाग में
आकृतियाँ बुनने की सार्थकता का बोध
शोर करती नदी के तट पर।

कामना करना

बाग़ में देखो जब चुंबन करते जोड़ों को
कामना करना—
काश मैं भी कर पाता ऐसे ही,
तुम भी और सब भी।

ऐसे ही कि कामना करो बरसात की
सबके खेतों में
दूध की गायों के थन में
आँचल की शिशु के जीवन में।

नहीं बनाना वीडियो,
नहीं बुलाना संस्कृति के रक्षकों को
बस कामना करना
गिलहरियों और कबूतरों का चुंबन देखना
उन्हें धन्यवाद देना
कि शहर में अब भी
जंगली चुंबन का प्रतिमान ले कर आते हैं
वे हमारे लिए।

बस कामना करना कि काश
सभी गायों के थनों में दूध हो सदा
सबके खेतों में फ़सल हो
सभी चिड़ियों को दाना हो
सभी पेड़ों पर फूल हों
सभी होंठों पर चुंबन हो।

उस पार से

नर्मदा के उस पार से
ओ भिक्षुणी कहा था तुमने :

झील में उतरती है परछाई मेघ की
मेघ बहते नदी में हैं
जिस दिन स्वीकार कर सको
कविताओं का गणित और
भावनाओं का विज्ञान
तब छू सकोगे मुझे…

मैं बनाता रहा मानचित्र
तुम्हारी देह का
बादलों की आकृतियों में
उतरता रहा झील में
तुम्हें छूने की चाह में।

कायोत्सर्ग

चिट्ठी में लिखा था :

बाँस से गुज़रती हवा के सुर पर्याप्त हैं
बाँसुरी मत बजाना तुम बाँस को छील कर
सुनना कभी साँस पर धड़कन की ताल
खाल खींच कर ढोल मत बनाना तुम
जलतरंग न बजाना
यूँ ही सुनना जल का गान…

शाम को नर्मदा आदतन
उतना ही शोर कर रही थी
राग देस गाया था तुमने
नाव पर चढ़े थे जब
तिलककामोद से राग नीलाम्बरी तक
भेड़ाघाट से बंदरकुदनी तक
तुम्हारे सुर धीमे और धीमे होते जाते थे
मेरी आँखे बंद हुई थीं
एक पल की झपकी ली थी
आँखें खोली थीं
संगमरमर की शिलाएँ और सफ़ेद थी आज
चाँद कितना क़रीब था
तुम नहीं थीं
हाथ में चिट्ठी थी :

बाँस से गुज़रती हवा के सुर पर्याप्त हैं
बाँसुरी मत बजाना तुम बाँस को छील कर
सुनना कभी साँस पर धड़कन की ताल
खाल खींच कर ढोल मत बनाना तुम
जलतरंग न बजाना
यूँ ही सुनना जल का गान…

मैंने पहली बार मूँगफली चखी थी
अब तक केवल नमक का स्वाद लिया था
उस पर लपेट कर।

तपस्वी की साँझ

सुबह से ठीक पहले
तुम्हारी देह से भी हरसिंगार झड़ते हैं
आत्मा बेस्वाद होती है
मन अभागा रह जाता है
केसरिया रँग कर भी
मैंने नमक रख लिया है कुछ
और कुछ शक्कर भी
तपस्या के दिनों में
छिप कर खाने के लिए
तुम्हारे बाल खुलने पर शाम नहीं होगी
शाम नदी बन कर बहती है
तुम्हारी गोद में

मैं एक पैर पर खड़ा हूँ कब से
कभी सो जाना चाहूँगा
शाम के घाट पर।

ऋणमुक्ति

फल तोड़ने के लिए फेंका गया पत्थर
जब बुद्ध को लगा था
तब बच्चों को उसके बदले
कुछ न दे पाने के अपराधबोध से
बुद्ध भर गए थे।

पेड़ फल जो दे पाता था
पत्थर के बदले।

मेरे घर के बग़ीचे में मिट्टी का एक पहाड़ है
जिस पर अमरूद का एक पेड़ लगा है
उसके नीचे ध्यानमग्न बुद्ध की मूर्ति बैठी है

मेरी बेटी अपने दोस्तों के साथ
बुद्ध के कंधों पर चढ़ कर अमरूद तोड़ती है।

बारिशें

बारिशें हर बार कुछ बीज ले कर आती हैं
वो जो पिछली बुआई में उग नहीं पाए
या उगने की चाह में इस क़दर उतावले हुए
कि जम नहीं पाए

ये बीज कितनी तीव्रता से उगते हैं!

सूरज धूप को तोड़-तोड़ कर
नहीं बाँटता है किसी को
बल्कि ख़ुद को बिखेरता है
या ख़ुद को फैला लाता है

नदी भी नहीं टूटती है
बीजों को सींचते हुए

मैंने हवाओं में
आकांक्षाओं के पहाड़ उड़ते देखे हैं
वे किसी भी रेत के हों
अपने ही रेगिस्तान के लगते हैं

समुद्र ने पेड़ को
पानी पिलाना चाहा था
नमक छोड़ देना, उठना, गिरना

कितना यत्न करना होता है
भाव जब देने का हो।

प्रत्युत्तर

जिस रूखी हवा को समंदर ने नमी दी
उसने नमी दी नदी को
और नदी समंदर में मिल गई

हम बूढ़े हो गए
हमारे लगाए पौधे
वयस्क न हो सके अब तक
तमाम उम्र कहीं से भी फल तो आते रहे

जिसे जिसने दिया
उससे न मिला
पर लौट कर ज़रूर आया

अच्छे कर्म मिट्टी में फेंके बीज से होते हैं

क्यारी में दूर देश के फूल खिल गए हैं
चिड़िया ने
बीट की होगी क्यारी में।

बोध

तुम्हारा एक स्तन
खट्टे दूध-सा गंधाता है
दूसरा पके महुए-सा महकता है

मैं मदहोश और बेचैन
गिर गए हैं बोध सारे

निर्वस्त्र शिशु-सा मैं
तुम्हारी नाभि में
अपनी नाल तलाशता हूँ।


अक्षय अनुग्रह का संबंध मध्य प्रदेश के सागर शहर से है। व्यावसायिक रूप में वह बिहार में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं, इसके साथ ही वह विभिन्न परामर्श कार्यों से भी संबद्ध हैं। वर्ष 2017 से वह एक नि:शुल्क लाइब्रेरी भी चलाते हैं जो साहित्य, कला एवं दर्शन के अध्ययन और समीक्षा को सृजनात्मक क्रिया के रूप में बढ़ावा देती है। वह पशु, वन, पर्वत और नदियों के साथ साहचर्य का अभ्यास करते हुए ध्यान और आत्मजागरूकता को समर्पित जीवन-शैली साधने के लिए प्रयासरत हैं और विभिन्न साधना पद्धतियों, तुलनात्मक धर्मों, आधुनिक मनोविज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टि के समावेशी प्रयोगों में संलग्न हैं। कविता उनके लिए कला एवं भाव-पक्ष के साथ ही मनोविश्लेषण और भविष्य दृष्टि के रूप में परिलक्षित होती है, जिसके जिसके माध्यम से वह चेतना एवं मन के उन तलों से का संवाद प्रकट कर पाते हैं जो सामान्य रूप में प्रकट नहीं होते। कवि से akshay.anugrah@gmail.com पर संवाद संभव है।

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *