कविताएँ ::
तूलिका वर्मा

तमाम शिकायतें
तुम्हारे शहर की तमाम स्त्रियों को
मुझसे कुछ शिकायतें हैं
वे कहती हैं :
तुम्हारे आने के बाद मैं कुछ अधिक ही
स्त्रियोचित हो गई हूँ।
मैं उनसे क्या कहूँ कि
अब चाय बनाते हुए
चायपत्ती कम डालती हूँ
किताबों के बीच
तुम्हारे नाम की पर्चियाँ रखती हूँ
किसी अच्छी कविता पर
सबसे पहले तुम्हें याद करती हूँ
डाकिये की आहट पर
दरवाज़े तक चली जाती हूँ
मसलन, किसी के आने की ख़बर पर
अलमारी से साड़ी निकालकर रखना
बाज़ार में फूलों के पास कुछ देर ठहरना
तुम्हारी पसंद का इत्र गर्दन पर लगाना
तुम्हारी दी हुई चूड़ियाँ पहनकर इठलाना
तुम्हारी कविताएँ बार-बार पढ़ना
पटना की सँकरी गलियों से गुज़रते हुए
यह सोचना कि तुम पर
किस रंग का कुर्ता जँचेगा…
घर लौटते हुए रास्ते भर
तुम्हारे बारे में सोचते रहना।
मुझे नहीं मालूम प्रेम स्त्री को क्या बनाता है!
इस सब कुछ में ऐसा क्या है
जो स्त्रियोचित नहीं है
और ऐसा भी क्या है
जो केवल स्त्रियोचित है?
एक दूसरी जगह
तुम्हारे आने से बहुत पहले ही
मुझसे छूट चुका था
प्रेमिकाओं की तरह प्रेम करना।
तुम्हारे स्वागत में
मैंने प्रेम का कोई दावा नहीं किया
सीखा तुम्हारे साथ बैठना
तुम्हारी बातें सुनना
तुम्हारी उदासियों में थोड़ी जगह बनाना
और तुम्हारे जीवन में
एक दोस्त की तरह रह जाना
तुम्हारा शुक्रिया…
तुमने मुझे इतना तो समझा कि
मैं तुम्हारी हँसी और उदासी
तुम्हारे दिन और रात का हिस्सा बन सकी।
पर कितना अच्छा होता :
मैं दोस्त होने से पहले तुम्हारी प्रेमिका होती
तुम्हारे लिए चिट्ठियाँ लिखती
बाक़ी प्रेमिकाओं की तरह ही
तुम्हारा हाथ पकड़ती
हँसती नहीं
और बिना किसी संकोच के कह पाती :
तुम्हारी कमी मुझे कितना सताती है
अब जबकि तुम्हारे पास
मेरे होने की एक जगह है
और मेरे पास तुम…
मैं उसी जगह से
एक दूसरी जगह की कल्पना करती हूँ।
दोस्त बन पाई,
इसका शुक्रिया!
प्रेमिका बन पाती तुम्हारी,
तो अच्छा होता।
मृत्यु का व्याकरण
मृतक की देह होकर गुज़रती है हर कविता
शब्द उसके कफ़न में रखे फूल हैं
और विराम-चिह्न शोकाकुल परिजन।
कवि उसे कंधा देकर उन गलियों से गुज़रता है
जहाँ कभी जीवन ने अपना घर बनाया था।
कुछ स्मृतियाँ रास्ते में विलाप करती हैं
कुछ चुपचाप पीछे छूट जाती हैं।
अंततः कविता को किसी पन्ने पर दफ़ना दिया जाता है
जहाँ अगला पाठक अपनी किसी पुरानी मृत्यु का
शोक मनाने चला आता है—
कोई निर्गुण गाते हुए ।
एक लड़की बाट जोहती है
तुम रोज़ मिलो,
बहुत बोलो,
मेरे कंधे पर हाथ रख दो—
बिना पूछे,
सिगरेट मत पियो,
कुछ खाकर आओ,
पास बैठो थोड़ी देर।
जल्द तुम्हें एक लंबा ख़त लिखूँगी,
तुम नहीं पूछोगे मेरे बारे में
और मैं सब बताऊँगी।
चलो, किसी ठंडी शाम
चाय पीने दूर निकल चलें,
देखें सूरज का ढलना,
फिर देखूँ तुम्हें
उसे देखते हुए।
तुम्हें बताऊँगी कि घर लौटते हुए
रास्ते भर तुम्हारी बातें
किस तरह मेरे साथ चलती हैं।
किसी दिन अपनी पुरानी नीली क़मीज़ पहनकर आना
जिसकी जेब में
कोई पुराना टिकट या अधूरी पर्ची हो,
मैं उसे सँभालकर रख लूँगी।
कैसे भी…
तुम्हारे पास बैठकर
मैं बहुत-सी साधारण बातें करना चाहती हूँ,
मसलन, आज बाज़ार में क्या देखा,
किस फूल को देखकर लगा कि
इसे किताब में रख लेना चाहिए,
किस शाम बिना किसी वजह के माथे पर
बिंदी लगाने का मन हुआ,
किस चिट्ठी को लिखकर भी
लिफ़ाफ़े में नहीं रख सकी,
कौन-सी शिकायत को प्रेमपत्र समझकर
अपने पास रख लिया,
तुम्हारे आने की उम्मीद में
कितनी बार दुपट्टा बदला,
तुम्हारी लिखी कौन-सी कविता
मुझे सबसे ज़्यादा पसंद है,
तुम्हारी लिखी वह किताब
मैं क्यों नहीं पढ़ पाई,
और इस बार सर्दियाँ
कुछ ज़्यादा लंबी क्यों हैं!
तुम्हें शायद पता भी न चले,
मैं इन छोटी-छोटी बातों में
कितनी बड़ी उम्र बिता रही हूँ।
तुम बस आते रहना,
एक लड़की है
जो तुम्हारे आने की आहट को
अभी तक
दिन का सबसे ज़रूरी काम समझती है।
तूलिका वर्मा की कविताओं के प्रकाशन का यह प्राथमिक अवसर है। वह पटना विश्वविद्यालय के दरभंगा हाउस स्थित अँग्रेज़ी विभाग में स्नातकोत्तर की छात्रा हैं। उनसे vermatulika37@gmail.com पर संवाद संभव है।